अनूपपुर 09 अगस्त 2026: हर घर तिरंगा अभियान के शुभारंभ अवसर पर आज जिला मुख्यालय अनूपपुर में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। सामतपुर तिराहा से प्रारंभ होकर रैली रेलवे स्टेशन तक पहुंची। रैली में अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर निकले प्रतिभागियों ने पूरे मार्ग में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। देशभक्ति गीतों एवं राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा।
रैली का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से किया गया। इसके पश्चात सभी प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ रैली में शामिल हुए। विद्यार्थियों, युवाओं एवं नागरिकों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। देशभक्ति गीतों और नारों के माध्यम से प्रतिभागियों ने राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया। तिरंगे के साथ निकली रैली ने जिलेवासियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को और मजबूत किया।
रैली को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल ने कहा कि निश्चित तौर पर आज हम सभी गौरवान्वित हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प के अनुरूप 9 अगस्त से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के सम्मान से जोड़ना तथा देश के प्रति गौरव और राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से सम्मान और गर्व के साथ अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की।
श्री रौतेल ने कहा कि भारत का तिरंगा केवल तीन रंगों का ध्वज मात्र नहीं है, बल्कि यह देश की आस्था, संप्रभुता, एकता-अखंडता और करोड़ों देशवासियों के त्याग एवं बलिदान का प्रतीक है। तिरंगा हमारे गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रीय स्वाभिमान और मजबूत राष्ट्र भावना का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक घर पर तिरंगा लहराएगा, तो यह देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने जिलेवासियों से हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती राठौर ने भी संबोधित किया। उन्होंने नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। इस अवसर पर राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल ने उपस्थित नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत शपथ भी दिलाई। उपस्थितजनों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान, देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा राष्ट्रहित में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सुश्री सरिता नायक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक तिरंगा रैली में सहभागिता करते हुए राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना का प्रदर्शन किया।

