भोपाल, 31 मई, 2026: विश्व तंबाकू निषेध दिवस 31 मई के उपलक्ष्य में जिले की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं में जागरूकता गतिविधियों का आयोजन हुआ। इस अवसर पर जेपी जिला चिकित्सालय भोपाल में "आकर्षण का पर्दाफाश" तंबाकू की लत का मुकाबला" थीम पर तंबाकू निषेध सप्ताह पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्व तंबाकू निषेध दिवस 25 से 31 मई मनाया जाता है। भोपाल में 291 स्कूलों और 32 गांवों को टोबैको फ्री किया गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. संजय जैन, आरएमओ श्री प्रमेंद्र शर्मा, डॉ. ज्योतिर्मय चक्रवर्ती एवं काउंसलर सारिका दुबे उपस्थित रहे। राष्ट्रीय तंबाकू व्यसन मुक्ति केंद्र के जिला नोडल अधिकारी डॉ. ज्योतिर्मय चक्रवर्ती, समस्त दंत रोग विशेषज्ञ, ओपीडी चिकित्सक, स्त्री रोग विशेषज्ञ, तंबाकू व्यसन मुक्ति केंद्र परामर्शदाता , RKSK परामर्शदाता, NCD स्टाफ एवं समस्त कर्मचारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
तंबाकू उत्पादों के उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए एंबुलेंस के माध्यम से शहर में तंबाकू निषेध जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य तंबाकू कंपनियों के भ्रामक व्यापारिक प्रचार का मुकाबला कर लोगों को सही जानकारी देना है। एंबुलेंस पर तंबाकू निषेध के बैनर लगाकर शहर में व्यापक प्रचार- प्रसार किया जा रहा है।
नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं तथा स्कूली बच्चों द्वारा 'नशे के विरुद्ध' विषय पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। तंबाखू के उपयोग करने वालों को खैनी- गुटखा की जगह सौंफ,अदरक, नींबू-पानी, गुड़-मूंगफली जैसे सुरक्षित विकल्प अपनाएं। "तंबाकू मुक्त प्रेग्नेंसी" की शपथ दिलाई गई।
परामर्श सत्रों में तंबाकू से होने वाले उच्च रक्तचाप एवं हृदय रोग के बारे में लोगों को आगाह किया गया। महिलाओं को तंबाकू से बांझपन व माहवारी की अनियमितता जैसे दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।इच्छुक लोगों को परामर्श व पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क निकोटिन रिप्लेसमेंट थेरेपी दी गई। तंबाकू की लत का मुकाबला करने के लिए हेल्पलाइन 1800-11-2356, निःशुल्क NRT नशामुक्ति परामर्श के लिए अस्पताल में हेल्पडेस्क उपलब्ध है।
क्रमांक/494/125 विजय/अरुण शर्मा

