भोपाल, 31 मई 2026: कक्षा 12 में फर्स्ट डिवीजन से पास हुई एक छात्रा ने शनिवार की रात जहर खा लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार जनों ने पुलिस को बताया कि रात के समय चुपके से मोबाइल चला रही थी। पिता ने देख लिया तो डांट दिया। इस घटना के तत्काल बात उसने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया।
गुनगा थाना पुलिस के अनुसार रतुआ क्षेत्र निवासी खुशी कुशवाहा (17) पिता जगदीश कुशवाहा परिवार की सबसे बड़ी बेटी थी। उसके परिवार में एक छोटी बहन और एक छोटा भाई है। खुशी ने इसी साल 12वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी और भानपुर स्थित एक निजी कॉलेज में प्रवेश की तैयारी कर रही थी।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि शनिवार देर रात खुशी मोबाइल फोन का उपयोग कर रही थी। इसी दौरान उसके पिता ने उसे मोबाइल चलाते देख डांट दिया। इसके बाद वह नाराज होकर घर के बाथरूम में चली गई।कुछ समय बाद खुशी की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने जब उससे पूछताछ की तो उसने जहरीला पदार्थ खा लेने की बात बताई। इसके बाद परिवार के सदस्य उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।
इलाज के दौरान हुई मौत
अस्पताल में डॉक्टरों ने छात्रा का उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही। रविवार तड़के उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

